फुलवारीशरीफ, अजित। परसा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में नाली निर्माण से वंचित चार परिवारों का मामला जिलाधिकारी स्तर तक पहुंच गया है. मामला ग्राम मौलाना बुद्धिचक, पोस्ट निसरपुरा, थाना परसा बाजार से जुड़ा है, जहां मुखिया द्वारा अधिकांश घरों के लिए ड्रेनेज नाली का निर्माण कराया गया, लेकिन चार परिवारों के घरों को इससे वंचित कर दिया गया. इन्हीं में से एक परिवादी रामचन्द्र सिंह हैं, जिन्होंने लगातार प्रशासनिक स्तर पर शिकायत दर्ज कराई। रामचन्द्र सिंह ने बताया कि उनके सहित दिनेश कुमार, उमेश कुमार और मुकेश सिंह के मकानों के पानी की निकासी के लिए कोई नाली नहीं बनाई गई है, जबकि पश्चिम दिशा में करीब 75 से 80 फीट की दूरी पर पहले से नाली मौजूद है. नाली नहीं होने के कारण बरसात और रोजमर्रा के समय घरों का गंदा पानी सड़कों और आंगन में फैलता है, जिससे भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में चयनित लोगों को लाभ देकर कुछ परिवारों को जानबूझकर वंचित किया गया है. नाली निर्माण जैसे बुनियादी कार्य के लिए उन्हें वर्षों से संघर्ष करना पड़ रहा है और बार-बार जिला स्तर तक गुहार लगानी पड़ रही है. अब प्रशासन के निर्देश के बाद लोगों को उम्मीद जगी है कि आने वाले वित्तीय वर्ष में उनकी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इस समस्या को लेकर रामचन्द्र सिंह ने पहले अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, पटना सदर के समक्ष आवेदन दिया, लेकिन आदेश से संतुष्ट नहीं होने पर अपर समाहर्ता सह प्रथम अपीलीय प्राधिकार के समक्ष अपील दायर की. वहां से भी राहत नहीं मिलने पर उन्होंने जिलाधिकारी पटना सह द्वितीय अपीलीय प्राधिकार के समक्ष द्वितीय अपील दाखिल की।
सुनवाई के दौरान लोक प्राधिकार प्रखंड विकास पदाधिकारी, फुलवारी शरीफ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित हुए. बीडीओ द्वारा दिए गए प्रतिवेदन में बताया गया कि अपीलार्थी के मकान से करीब 80 फीट की दूरी पर नाली निर्मित है, लेकिन उक्त 80 फीट नाला निर्माण योजना वित्तीय वर्ष 2024-25 की ग्राम सभा में न तो पारित हुई थी और न ही ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल थी। प्रतिवेदन में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस योजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 की ग्राम सभा में पारित कर ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करते हुए नियमानुसार पूरा किया जाएगा।
द्वितीय अपीलीय प्राधिकार ने दोनों पक्षों को सुनने और अभिलेखों के अवलोकन के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी, फुलवारी शरीफ को निर्देश दिया कि नाली निर्माण योजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 की ग्राम सभा में पारित कर ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए. इसी निर्देश के साथ वाद की कार्रवाई समाप्त कर दी गई। सवाल है कि आखिर बुनियादी सुविधा नाला निर्माण के लिए डीएम तक जाना पड़ रहा है. आखिर इस पूरे मामले में दोषी कौन है. उनके खिलाफ जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में स्थानीय पंचायत के मुखिया को कई बार कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया।
