पटना, न्यूज़ क्राइम 24। राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित आनंदपुर बांध के पास मंगलवार की देर रात STF पटना एवं बिहटा पुलिस की टीम और दो कुख्यात अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विदेशी राय एवं पप्पू राय के रूप में हुई है। दोनों को शार्प शूटर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पटना समेत कई जिलों में हत्या, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक STF को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों अपराधी बिहटा थाना क्षेत्र में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर STF और स्थानीय पुलिस ने आनंदपुर गांव के बांध के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों अपराधियों के पैर में गोली मार दी। घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर पहले बिहटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने कई हथियार भी बरामद किए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पटना एसएसपी एवं एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई
