पटना, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार कैडर की 2021 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी दीक्षा अब बिहार राज्य छोड़ रही हैं। केंद्र सरकार ने उन्हें आधिकारिक तौर पर बिहार कैडर से मुक्त कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा जारी हालिया अधिसूचना के अनुसार, आईपीएस दीक्षा का तबादला एजीएमयूटी (AGMUT – अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर में कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आईपीएस दीक्षा का यह इंटर-कैडर तबादला शादी के आधार पर किया गया है। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फैसला अखिल भारतीय सेवाओं (All India Services) के नियमों के तहत लिया गया है, जिसमें शादी के बाद अधिकारियों को कैडर परिवर्तन की अनुमति दी जाती है।
बताया जा रहा है कि आईपीएस दीक्षा की शादी एजीएमयूटी कैडर के 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी द्वारका गांधी से हुई है। द्वारका गांधी जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले के सीमावर्ती गांव चक शिबू के निवासी हैं। उनके पिता का नाम बालक नाथ है और उनका परिवार बिश्नाह वार्ड नंबर-3 में रहता है। द्वारका गांधी ने यूपीएससी परीक्षा में 412वीं रैंक हासिल कर आईपीएस सेवा में जगह बनाई थी। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग मिजोरम के आइजोल दक्षिण में एसडीपीओ (SDPO) के पद पर है, जहां वे अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अखिल भारतीय सेवाओं के दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि दो अधिकारी आपस में विवाह करते हैं तो वे एक ही कैडर में साथ रहने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रावधान के तहत आईपीएस दीक्षा का तबादला उनके पति के कैडर AGMUT में किया गया है, ताकि दोनों अधिकारी एक ही क्षेत्र में रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
