फुलवारीशरीफ, अजीत। एम्स पटना के परमाणु चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सह प्राध्यापक डॉ. पंकज कुमार ने स्विट्जरलैंड के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख में आयोजित चार सप्ताह की हाइब्रिड पीईटी/सीटी इमेजिंग फेलोशिप सफलतापूर्वक पूर्ण कर संस्थान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. यह प्रशिक्षण 18 मई से 12 जून 2026 तक आयोजित किया गया. यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख को आणविक इमेजिंग, परमाणु चिकित्सा और सटीक चिकित्सा के क्षेत्र में यूरोप के अग्रणी संस्थानों में गिना जाता है।
फेलोशिप के दौरान डॉ. पंकज कुमार ने अत्याधुनिक पीईटी/सीटी तथा पीईटी/एमआर इमेजिंग तकनीकों, उन्नत कैंसर निदान, आणविक इमेजिंग और नवीनतम रेडियोट्रेसर आधारित जांचों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, प्रकरण आधारित चर्चाएं तथा नैदानिक रिपोर्टिंग सत्र शामिल थे।
प्रशिक्षण अवधि में उन्होंने 225 से अधिक पीईटी/सीटी जांचों का अध्ययन और विश्लेषण किया. इनमें कैंसर रोगियों में व्यापक रूप से उपयोग की जाने वाली एफडीजी पीईटी/सीटी जांचों के अलावा प्रोस्टेट कैंसर, न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर, पार्किन्सन रोग, इंसुलिनोमा तथा पैराथायरॉइड एडेनोमा से संबंधित विशेष रेडियोट्रेसर आधारित उन्नत परीक्षण भी शामिल रहे।
फेलोशिप के अंतर्गत डॉ. कुमार को मस्तिष्क इमेजिंग के क्षेत्र में भी विशेष प्रशिक्षण मिला, जिसमें एफडीजी, एफईटी और एमाइलॉइड पीईटी जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाता है. एमाइलॉइड पीईटी अल्जाइमर रोग और अन्य तंत्रिका क्षय संबंधी विकारों के शुरुआती निदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसके अतिरिक्त उन्हें पीईटी/एमआर तकनीक से संबंधित जांचों का भी व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जो वर्तमान में सटीक चिकित्सा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख ने डॉ. पंकज कुमार की उत्कृष्ट प्रतिबद्धता, सक्रिय सहभागिता और पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए उन्हें फेलोशिप पूर्ण करने का प्रमाणपत्र प्रदान किया।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एम्स पटना के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी प्रो. ब्रिगेडियर डॉ. राजू अग्रवाल ने डॉ. पंकज कुमार को बधाई दी. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्थान की विशेषज्ञता को नई ऊंचाइयां प्रदान करते हैं और मरीजों को बेहतर, सटीक तथा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि इस फेलोशिप से अर्जित ज्ञान और अनुभव का लाभ बिहार तथा पूर्वी भारत के मरीजों को उन्नत कैंसर निदान, उपचार आधारित निदान, आणविक इमेजिंग और मस्तिष्क इमेजिंग सेवाओं के रूप में मिलेगा।
डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि इस प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विश्वस्तरीय तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ कार्य करने का अवसर मिला. इससे आधुनिक परमाणु चिकित्सा की नवीनतम प्रगति को समझने और अपनाने में सहायता मिली. उन्होंने बताया कि इस अनुभव का उपयोग एम्स पटना में रोगी सेवाओं, प्रशिक्षण और अनुसंधान गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने में किया जाएगा। एम्स पटना निरंतर अपने संकाय सदस्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण, अनुसंधान और अकादमिक सहयोग के अवसर उपलब्ध करा रहा है. इससे संस्थान में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल की गुणवत्ता को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिल रही है।
