[Edited By: Robin Raj]
पटना/पटनासिटी(न्यूज़ क्राइम 24): हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे.. हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे… हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंज उठा राजधानी. भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव आस्था व उत्साह के साथ मनाया गया. जन्माष्टमी को लेकर शहर में मंदिरों को फूलों और रंग-विरंगी लाइट से सजाया गया. वहीं श्रीकृष्ण के मनमोहक रूप ने भक्तों को आकर्षित किया. पटनासिटी के चौक स्थित श्री श्याम मंदिर और इसके आसपास के राधाकृष्ण मंदिरों तथा ठाकुरबाड़ी में कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया. सुबह से लेकर शाम तक मंदिर श्रद्धालुओं के पूजा पाठ तथा दर्शन को लेकर गुलजार रहे. देर रात तक मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन पर श्रद्धालु झूमते रहे. रात के 12 बजते ही जयकारे से पंडाल गूंज उठे. शंख ध्वनि के बीच महिलाओं ने मंगल गीत गाया और कृष्ण के दर्शन किये. कई श्रद्धालुओं ने दिनभर उपवास रहकर पूजा आराधना की. इनमें महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही. जन्माष्टमी को लेकर सभी मंदिरों को आकर्षक रूप से साज-सज्जा की गई थी.

वहीं चौधरी गली स्थित श्री गोविंद बाग मंदिर को झाड़ फानूस रंगीन बल्ब और गुब्बारे के साथ सजाया गया था. कैलाश मुखिया की देखरेख में पूजा अर्चना की गई. भगवान का अलौकिक श्रृंगार, 56 भोग एवम भजन संध्या अपने आप में अलग छटा बिखेर रहा था, इसमें भजन गायक राजेश देवड़ा व कोमल देवड़ा ने बिहारी जी के साथ स्थानीय कलाकारों के द्वारा ठाकुर जी के एक से भले एक भजन सुना कर भक्तों को भावविभोर कर दिया. महोत्सव को सफल बनाने में अध्यक्ष शशि शेखर रस्तोगी, कार्यकारी अध्यक्ष संजय प्रकाश, उपाध्यक्ष संजीव देवड़ा, कोषाध्यक्ष सुरज कुमार, शशि सुलतानिया, भरत सुलतानिया, मोहित लाख संतोष यादव, रवि प्रकाश, शेरू कुमार, मनीष कुमार सहित अनेक सदस्य सक्रिय थे.
दूसरी ओर गायघाट स्थित पौराणिक संकट मोचन हनुमान मंदिर दुर्गा स्थान में भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही. जागरण मंडली द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जागरण स्तुति से पूरे मंदिर को भक्ति मय बना डाला. इस अवसर पर मंदिर के सचिव विजय कुमार, सह सचिव राजेश कुमार पाण्डेय, सह कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे. जन्माष्टमी पर देर रात तक भजन कीर्तन का दौर चलता रहा. भक्ति और प्रेम की इस रसधार में श्रद्धालु गोते लगाते रहे।
