फुलवारीशरीफ, अजित। पुनपुन प्रखंड के अंतर्गत स्थित पुनपुन स्वास्थ्य केंद्र को बंद कर बीजू बिगहा स्थानांतरित करने की प्रक्रिया के खिलाफ क्षेत्र की जनता ने जोरदार विरोध दर्ज कराया है. इस निर्णय को लेकर पुनपुन नगर पंचायत के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने प्रारंभ से ही इस स्थानांतरण का विरोध किया था. वहीं, फुलवारी शरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल रविदास ने भी जनता की मांग को गंभीरता से उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग तथा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से विशेष अनुरोध किया था कि पुनपुन स्वास्थ्य केंद्र को यथावत रखा जाए।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष पितृपक्ष मेला के उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से घोषणा की थी कि पुनपुन स्वास्थ्य केंद्र को स्थानांतरित नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे और सशक्त अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके बावजूद केंद्र को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिससे जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है।
इस फैसले के विरोध में पुनपुन स्वास्थ्य केंद्र समिति और स्थानीय नागरिकों ने धरना-प्रदर्शन किया. आंदोलन की जानकारी मिलते ही विधायक गोपाल रविदास मौके पर पहुंचे और जनता की बात सुनी. उन्होंने तत्क्षण सिविल सर्जन, पटना सहित स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पुनपुन पीएचसी को यथावत रखा जाएगा।
विधायक रविदास ने अधिकारियों से लिखित आश्वासन की भी मांग की. इस दौरान धरना स्थल पर एसडीओ मसौढ़ी, पुनपुन बीडीओ और अंचलाधिकारी भी पहुंचे और आंदोलनकारियों को स्पष्ट किया कि पुनपुन पीएचसी कहीं नहीं जाएगी, यह यहीं पर कायम रहेगी।
धरना में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. इनमें पप्पु चंद्रवंशी (अध्यक्ष, राजद – पुनपुन प्रखंड), सुनील कुमार, सतगुरु प्रसाद, मनोज पासवान, नागा राम समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। धरना को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि जनता की सेहत और सुविधा से जुड़ा कोई भी समझौता स्वीकार नहीं होगा. उन्होंने कहा कि सरकार को अपने वादे पर कायम रहना ही होगा।
