बिहार

पटना मेट्रो रेल का भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक सफल ट्रायल रन संपन्न

पटना,  विक्रम कुमार : राजधानी पटनावासियों के लिए यह गर्व का क्षण है कि पटना मेट्रो रेल का भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी स्टेशन तक का ट्रायल रन सफलतापूर्वक गुरुवार को पूरा कर लिया गया। यह उपलब्धि शहर में आधुनिक एवं सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएमआरसीएल) के अनुसार भूतनाथ से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो रेल का परिचालन जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ तक ही मेट्रो का परिचालन किया जा रहा है।यह ट्रायल रन एलिवेटेड कॉरिडोर पर निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप संचालित किया गया।

परीक्षण के दौरान मेट्रो ट्रेन को विभिन्न गति स्तरों पर चलाकर कई मानकों पर परखा गया। जिन मानकों की गुरुवार को गहन जांच की गई है, उनमें सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता, ब्रेकिंग सिस्टम का प्रदर्शन, ट्रैक और ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम, स्टेशन समन्वय एवं संचार व्यवस्था के साथ-साथ आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल की गहन जांच की गई है। मेट्रो के तकनीकी विशेषज्ञों एवं अभियंताओं की उपस्थिति में ट्रेन को निर्धारित अधिकतम गति तक चलाकर सभी सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया है।

Advertisements
Ad 1

पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएमआरसीएल) के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस ट्रायल के दौरान ट्रेन का संचालन पूरी तरह संतोषजनक पाया गया है। उन्होंने बताया कि इस सफल परीक्षण के बाद अब अगला चरण सुरक्षा निरीक्षण एवं अंतिम स्वीकृति का है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही इस खंड पर पटना मेट्रो रेल का वाणिज्यिक परिचालन प्रारंभ करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा प्रारंभ होने से राजधानी पटना के हजारों यात्रियों को जाम से तो मुक्ति मिलेगी ही साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुव्यवस्थित हो जाएगी।

Related posts

कंगनघाट से तख्त साहिब सौंदर्यकरण और मल्टीलैवल पार्किंग का कार्य भी जल्द होगा शुरु

तख्त पटना साहिब कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविन्द्र सिंह गृह मंत्री अमित शाह से भेंट

शेखपुरा में गलत तरीके से संचालित मां सावित्री हॉस्पिटल को किया गया सील

error: