नालंदा, राकेश : नालंदा पुलिस को वाहन चोरी के एक बड़े मामले में सफलता मिली है। लहेरी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की स्कॉर्पियो, एक होंडा सिटी कार, कई वाहनों के नंबर प्लेट और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

23 मई 2026 को लहेरी थाना क्षेत्र के मंगला स्थान स्थित वैष्णवी मैरिज हॉल की पार्किंग से एक स्कॉर्पियो चोरी हो गई थी। मामले में लहेरी थाना कांड संख्या 228/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर और वैशाली जिले के चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर रांची से दो अन्य व्यक्तियों को भी पकड़ा गया, जिनके पास चोरी की स्कॉर्पियो बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी अजय कुमार और बिट्टू कुमार, वैशाली निवासी अमन कुमार और रजनीश कुमार, तथा रांची निवासी असफान और अनस जमील के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से चोरी की स्कॉर्पियो संख्या BR01JD-6245, दिल्ली से चोरी की गई होंडा सिटी कार संख्या DL3CCN0474, विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से जुड़े कई वाहनों के नंबर प्लेट तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी कई वाहन चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस को इनके खिलाफ बिहार, झारखंड और दिल्ली में दर्ज कई कांडों की जानकारी मिली है। अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
नालंदा पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
