पटना(न्यूज़ क्राइम 24): कोरोना के लगातार तीसरे कहर को लेकर बिहार सरकार ने क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में पुरानी गाइडलाइन को लागू करने का फैसला लिया है।अब नाइट कर्फ्यू 6 फरवरी तक जारी रहेगी। तमाम पाबंदियां फिलहाल अभी लागू रहेगी। पिछले पांच दिनों में कोरोना के आंकड़े में जो उतार चढ़ाव सामने आए हैं उसे देखते हुए आज हुई क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में फैसला लिया गया है कि बिहार में पुरानी पाबंदियां लागू रहेगी। शादी विवाह में अब भी 50 लोग ही शामिल होंगे। दुकान बंद करने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी शैक्षणिक संस्थान 6 फरवरी तक बंद रहेंगे। 21 जनवरी तक जो पाबंदियां लागू की गयी थी वह अब 6 फरवरी तक जारी रहेगी।
इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि “कोविड की स्थिति की समीक्षा की गई। कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए वर्तमान में लागू सभी प्रतिबंधों को 6 फरवरी 2022 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है। आप सभी से अनुरोध है कि विशेष सावधानी बरतें एवं सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।”

