बिहार

स्वास्थ्य महकमा में 11 हजार से अधिक पदों जल्द शुरू होगी बहाली

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सूबे की सम्राट सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सभी विभागों में बड़ी संख्या में सरकारी पदों पर निरंतर भर्ती की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग में 11 हजार से अधिक प्रशासनिक, तकनीकी और चिकित्सा सहायक पदों पर नियुक्तियां जल्द शुरू होने जा रही हैं। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक श्री नवल किशोर चौधरी ने इस बारे में जानकारी दी। बताया कि इस महाभर्ती प्रक्रिया का आधिकारिक विज्ञापन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जारी कर दिया जाएगा।

बहाली से संबंधित सभी तैयारियां तकरीबन पूरी कर ली गयी हैं। इससे संबंधित जल्द भर्ती कैलेंडर भी जारी कर दिया जाएगा। वर्तमान में राज्य के सभी 38 जिलों से जिला स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों में रिक्त पदों का अद्यतन ब्यौरा मांगा जा रहा है। कार्यपालक निदेशक के अनुसार, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन, प्रबंधकीय श्रेणी, ब्लॉक स्तर पर बीएचएम-एनएमई और लिपिकीय वर्ग जैसे कई पदों पर बहाली होगी। इसके उपरांत और भी कई तरह के रिक्त पदों पर द्वितीय चरण में बहाली की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक और सकारात्मक बदलाव दिखेगा : कार्यपालक निदेशक

राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक के अनुसार, पहले चरण में 11 हजार से अधिक पदों पर बहाली की प्रक्रिया पूरी होते ही निश्चित तौर पर बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। प्रखंड और पंचायत स्तर पर चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की सहायता के लिए समर्पित टीम उपलब्ध होगी, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों में प्राथमिक चिकित्सा की गुणवत्ता बढ़ेगी। जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में मरीजों के अनुपात में स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या संतुलित होगी, जिससे मौजूदा कर्मचारियों पर से अत्यधिक कार्यभार घटेगा। लैबोरेटरी तकनीशियनों और नर्सों की पर्याप्त संख्या से मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य संबंधी सुविधा मिल सकेगी। ब्लॉक हेल्थ मैनेजरों और क्लर्कों की नियुक्ति से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम जनता तक अधिक पारदर्शिता और तेजी से पहुंचेगा।

6-7 महीने में पूरी हो जाएगी यह बहाली प्रक्रिया-

श्री चौधरी ने बताया कि बहाली प्रक्रिया को लेकर कैलेंडर लगभग तैयार कर लिया गया है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही उसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा। विभाग का मुख्य उद्देश्य विज्ञापन जारी होने के आगामी 6 से 7 महीनों के भीतर संपूर्ण चयन, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है।

Related posts

नदी थाना पुलिस ने 1.426 किलो गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार!

सहकारिता के माध्यम से विधान मंडल के सदस्यों एवं कर्मचारियों को सस्ती दर पर घरेलू उपयोग की वस्तुएँ उपलब्ध कराने की पहल

जीसस एंड मेरी एकेडमी में कंदील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा