पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) हाजीगंज स्थित जीसस एंड मेरी एकेडमी में बुधवार को विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और कल्पनाशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कंदील मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 3 से 10 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों, आकर्षक डिजाइनों और सजावटी सामग्रियों का उपयोग कर सुंदर एवं मनमोहक कंदील तैयार कीं। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए आकर्षक कलाकृतियां प्रस्तुत कीं।
जूनियर ग्रुप में कक्षा 3 की शालिनी भारती ने प्रथम, कक्षा 3 की पल्लवी भारती ने द्वितीय और कक्षा 4 की रुद्राक्षी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर ग्रुप में कक्षा 9 की प्रियांशी जायसवाल और कक्षा 7 की वीरा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 9 की अनन्या पटेल द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कक्षा 6 के मयंक पटेल और कक्षा 8 के आयुष ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विद्यालय के निदेशक एम्ब्रोस पैट्रिक और शिक्षिका यशश्री अवस्थी शामिल रहीं। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का रचनात्मकता, नवीनता, कलात्मकता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका अर्चना ठाकुर और अजिता रंजन का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, कलात्मक अभिरुचि और नवाचार की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया।
