फुलवारीशरीफ, अजीत। ईसापुर में जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू पर हुए जानलेवा गोलीकांड में कई दिनों बाद भी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. घायल आसिफ शाह को वाहन में बैठाकर उसके परिजन फुलवारीशरीफ थाना पहुंच गए. इसके बाद मां, पत्नी, परिवार के अन्य सदस्यों, रिश्तेदारों, दोस्तों और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक थाने का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि ईसापुर में आसिफ शाह को उस समय चार गोलियां मारी गई थीं, जब वह अंडा खा रहा था. जमीन की खरीद-बिक्री और रुपये के लेन-देन के विवाद में उसके परिचित लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया था. इस मामले में संजीत यादव, मुस्तकीम उर्फ कल्लू, नौशाद, सोनू शाह और अन्य को नामजद किया गया है. इसके बावजूद कई दिन बीत जाने के बाद भी किसी नामजद आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार के लोग नाराज थे।
परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि फुलवारीशरीफ में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और पुलिस कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है. लोगों ने हाल में पुलिसकर्मियों पर रुपये लेकर नशे के कारोबार से जुड़े आरोपितों को छोड़ने के मामले का भी हवाला देते हुए पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया.
मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक नारायण उपाध्याय ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाया. उन्होंने आश्वासन दिया कि दो से तीन दिनों के भीतर गोलीकांड के सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद लोगों ने थाने का घेराव समाप्त कर दिया। घेराव समाप्त होने के बाद पुलिस ने पूरे फुलवारीशरीफ शहर में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का प्रयास किया।
