पटना सिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) श्री दादी जी भक्त मंडल, पटना सिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष प्रभु दयाल भरतिया की अध्यक्षता में श्री राणी सती दादी मंदिर, दादी जी मंदिर मार्ग के प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 2 दिसंबर 2026 को मंगशीर वदी नवमी महोत्सव भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस संबंध में मंडल के उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश झुनझुनवाला एवं प्रवक्ता संजीव देवड़ा ने बताया कि महोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल मंगला आरती, गणेश पूजन, मेहंदी उत्सव, गजरा उत्सव एवं चुनरी उत्सव के साथ सामूहिक मंगल पाठ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मंगल पाठ में भजनों की मधुर प्रस्तुति शुभम शर्मा एवं करिश्मा शर्मा द्वारा दी जाएगी।
महोत्सव को लेकर श्री दादी जी का भव्य एवं आकर्षक दरबार सजाया जाएगा। इसके साथ ही कोलकाता एवं बेंगलुरु से आए कुशल कारीगरों द्वारा विशेष सजावट की जाएगी। मां दादी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
महोत्सव को सफल एवं यादगार बनाने के लिए मंडल के सदस्य सचिन शंभू कसेरा, संयोजक प्रमोद कसेरा, राजाराम शर्मा, सतीश अग्रवाल, प्रशांत झुनझुनवाला एवं अभिषेक टेकरीवाल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, श्री नारायणी महिला मंडल की सदस्याएं भी आयोजन की तैयारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।
मंडल के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्री दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
