फुलवारीशरीफ, अजीत। बिहार के एक छोटे से गांव के साधारण परिवार से निकलकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के प्रतिष्ठित पद तक पहुंचने वाले रविन्द्र कुमार यादव ने संघर्ष, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरक मिसाल पेश की है. करीब 26 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद नवंबर 2026 में उन्हें डीआईजी पद पर पदोन्नति मिली है. उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि गांव और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है.
रविन्द्र कुमार यादव ने अपने सेवाकाल की शुरुआत सहायक सेनानी (असिस्टेंट कमांडेंट) के रूप में की थी. इसके बाद उन्होंने अपने कार्यकुशलता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर लगातार आगे बढ़ते हुए यह मुकाम हासिल किया. सेवा के दौरान उन्हें लेह, सिक्किम, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई. भीषण ठंड, प्रतिकूल मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच उन्होंने पूरी निष्ठा और साहस के साथ देश की सुरक्षा का दायित्व निभाया.
कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए उन्हें कई बार महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया. कठिन और व्यस्त सेवाकाल के बावजूद उन्होंने अपनी फिटनेस और स्वास्थ्य को हमेशा प्राथमिकता दी. नियमित दिनचर्या, अनुशासित जीवनशैली और शारीरिक रूप से सक्रिय रहना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहा है.
वरिष्ठ अधिकारी के पद पर पहुंचने के बाद भी रविन्द्र कुमार यादव का व्यवहार सहज, सरल और विनम्र बना हुआ है. वे अधीनस्थ जवानों और अधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हैं तथा उनके साथ संवेदनशीलता से पेश आते हैं. उनका मानना है कि एक अच्छे अधिकारी की पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, फैसलों और नेतृत्व क्षमता से होती है। रविन्द्र कुमार यादव की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं. उनका सफर बताता है कि गांव की साधारण पृष्ठभूमि सफलता की राह में बाधा नहीं होती. निरंतर मेहनत, अनुशासन, समर्पण और मजबूत इच्छाशक्ति हो तो किसी भी ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है।
