बिहार

सहकारिता के माध्यम से विधान मंडल के सदस्यों एवं कर्मचारियों को सस्ती दर पर घरेलू उपयोग की वस्तुएँ उपलब्ध कराने की पहल

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में बिहार विधान मंडल सदस्यीय एवं कर्मचारी उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड के गठन की पहल की गई है। समिति का मुख्य उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से बिहार विधान मंडल के सदस्यों एवं कर्मचारियों को घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ उचित एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना है।

समिति का उद्देश्य केवल आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि विधान मंडल के सदस्यों एवं कर्मचारियों में सहकारिता, आपसी सहयोग, सहभागिता एवं आर्थिक बचत की भावना को भी प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से सामूहिक क्रय व्यवस्था को बढ़ावा देकर बाजार की तुलना में किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएँ उपलब्ध कराने तथा अनावश्यक खर्च में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, समिति सदस्यों के हितों का संरक्षण करते हुए पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के माध्यम से उनके आर्थिक एवं सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देगी।

समिति के गठन एवं सदस्यता के संबंध में सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जा चुकी है। समिति की उपविधियों में अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित कुल 13 सदस्यीय प्रबंध समिति का प्रावधान किया गया है। इसके गठन में विभिन्न वर्गों एवं महिलाओं के लिए आरक्षण का भी ध्यान रखा गया है। वर्तमान में समिति की उपविधियों को अंतिम रूप देने के पश्चात निबंधन के लिए आवश्यक दस्तावेज निबंधन कार्यालय, पटना को भेजे गए हैं। इस समिति के गठन से बिहार विधान मंडल के सदस्यों एवं कर्मचारियों को सहकारिता के माध्यम से दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ उचित एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। इससे उनमें सामूहिक सहयोग, आर्थिक बचत एवं सहकारिता की भावना को भी मजबूती मिलेगी।

Related posts

नदी थाना पुलिस ने 1.426 किलो गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार!

जीसस एंड मेरी एकेडमी में कंदील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

गोलीकांड के नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भड़का आक्रोश, घायल आसिफ को लेकर थाने पहुंचे परिजन