पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) दीपावली पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियाँ ससमय पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता एवं सतर्कता बरतें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में जहाँ भी दीपावली के अवसर पर मूर्तियों की स्थापना की जाती है, वहाँ विधिवत लाइसेंस प्राप्त कर लेने के बाद ही मूर्ति स्थापना की अनुमति दी जाए। अग्निशमन विभाग को हर समय पूरी तैयारी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जाँच कराते हुए उन्हें सदैव तैयार स्थिति में रखने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की उपस्थिति, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन अस्पतालों में बर्न वार्ड उपलब्ध हैं, उन्हें अलर्ट मोड में रखने तथा जहाँ बर्न वार्ड नहीं हैं, वहाँ एहतियातन आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। आपातकालीन स्थिति में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सिविल सर्जन एवं डीपीएम, हेल्थ को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के शर्मा ने मूर्ति विसर्जन के संबंध में निर्देश दिया कि विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएँ। विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, आवश्यक पुलिस बल की तैनाती एवं विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने रात्रि 10 बजे के बाद पटाखों के उपयोग पर यथासंभव रोक लगाने तथा इस संबंध में निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के निर्देशों के आलोक में आम लोगों को पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
