पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना सिटी की हृदयस्थली गांधी सरोवर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा बेतुके दुकान/रेस्तरां कार्य को अविलंब रुकवाने के लिए पटना सिटी जागरूक नागरिक संघ एव मॉर्निंग वॉकर समिति की ओर से विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में शामिल लोगों ने ‘पर्यटन विभाग मुर्दाबाद! मार्केट नहीं,पार्क चाहिए! दुकान नहीं, मैदान चाहिए! जैसे नारें लगाए। प्रभात फेरी का नेतृत्व करते हुए शिक्षाविद् विजय कुमार सिंह ने बताया कि परिसर में जिस स्थल पर दर्ज़नाधिक दुकानों का निर्माण किया जा रहा है वह अव्यावहारिक एवं अप्रासंगिक है। उन्होंने आगे कहा कि इससे दुकान निर्माण का प्रयोजन तो सिद्ध नहीं होगा,अलबत्ता वहां कंक्रीट का जंगल ज़रूर तैयार हो जाएगा। उन्होंने अपनी आशंका से अवगत कराते हुए बतलाया कि इसके पूर्व भी निर्माणाधीन दुकानों के निकटस्थ कैफ़टेरिया निर्माण का उद्देश्य विफल हो चुका है। निर्माणाधीन संरचना के लोकेशन पर भी विरोध व्यक्त करते हुए कहा इसे अदूरदर्शितापूर्ण बतलाया।इतना ही नहीं,प्रस्तावित निर्माण एवं योजना पर स्थानीय जागरूक लोगों की राय न लेना भी अफसोसनाक है।
प्रभात फेरी में शामिल समाजसेवियों, खिलाड़ियों एवं संस्कृतिकर्मियों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी सरोवर परिसर शहर के एक सांस्कृतिक केंद्र की तरह है जहां बिहार हितैषी पुस्तकालय, उर्दू लाइब्रेरी, खानक़ाह इमादिया, पन्नालाल मुक्ताकाश, राजकीय उच्च विद्यालय, पाटलिपुत्र परिषद्, रेड क्रॉस भवन, मनोज कमलिया स्टेडियम आदि अवस्थित है वहां स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने की ज़रूरत है न कि कंक्रीट का जंगल तैयार करने की। इसके साथ ही,यहां सुबह-शाम सैकड़ों लोग शुद्ध ऑक्सीजन एवं स्वास्थ्य-लाभ के लिए टहलने आते हैं वहां ऐसे निर्माण से पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प पूरा नहीं किया जा सकता है।
ज्ञात हो कि जिस स्थान पर संप्रति दुकान एवं मार्केट का निर्माण हो रहा है वहां कभी नगर का एक खूबसूरत लोकनायक जयप्रकाश उद्यान अवस्थित था जहां दर्ज़नों किस्म के गुलाब उगाए जाते थे। उक्त स्थल पर तदन्तर कार पार्किंग बनाया गया है जिसका व्यावहारिक रूप से इस्तेमाल शरद् पूर्णिमा के अवसर पर राजकीय कौमुदी महोत्सव एवं मानस नवाह परायण यज्ञ के आयोजन तथा बच्चों द्वारा टेनिस बॉल क्रिकेट मैच के लिए किया जा रहा है। इस मौके पर शिक्षाविद् जयदीप मेहता, वरीय पत्रकार प्रभात वर्मा, समाजसेवी गणेश सरावगी, सुरेंद्र यादव, डी.एन. श्रीवास्तव, जयदीप मेहता, अनिल मेहरोत्रा, शंकर राय, गया बाबू, मुन्ना तिवारी, ओंकार सिंह, प्रमोद कुमार यादव, रघुनाथ प्रसाद, इंद्रजीत कुमार टिंकू सहित अन्य लोग शामिल थे।
