फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. हाल ही में पदभार ग्रहण करने वाली ट्रेनिंग आईपीएस एवं थाना अध्यक्ष सुषमा सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई गांवों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध देशी शराब और अर्धनिर्मित शराब बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.नाला , पोखर पाइन में छिपाकर बनाया जा रहा देशी शराब नष्ट किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुस्तफापुर, उड़ान टोला, छोटी सपहुंआ और खैरा गांव में छापेमारी की. पुलिस के पहुंचते ही शराब बनाने और उसके कारोबार में लगे कई लोग मौके से फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध स्थानों की तलाशी लेते हुए अवैध शराब बनाने के ठिकानों को ध्वस्त किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 65 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की. इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 1000 लीटर अर्धनिर्मित शराब (छोवा) भी मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर अवैध शराब बनाने के लिए बनाई गई भट्ठियां भी मिलीं. पुलिस टीम ने इन भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया ताकि भविष्य में वहां फिर से शराब बनाने का काम शुरू न हो सके। इस संबंध में गौरीचक थाना में अज्ञात शराब तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. थाना अध्यक्ष सुषमा सागर ने बताया कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
