ताजा खबरेंबिहार

स्कूल में पिटाई के बाद छात्र की मौत से पटना में बवाल

फुलवारीशरीफ, अजीत। राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित कुर्जी के होली फेथ इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र की कथित पिटाई के बाद तबीयत बिगड़ने और इलाज के दौरान मौत हो जाने से मंगलवार को भारी बवाल मच गया। मृतक की पहचान कुर्जी पुल निवासी नीरज राय के पुत्र राजवीर (14) के रूप में हुई है। छात्र की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर स्कूल पहुंच गए, जहां देखते ही देखते हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने स्कूल को चारों ओर से घेर लिया, जमकर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की। साथ ही पटना-दानापुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया।

मृतक के पिता नीरज राय ने स्कूल प्रबंधन पर बेटे की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल में पिटाई किए जाने के बाद राजवीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को आवेदन दिया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन स्कूल के बाहर पहुंच गए। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। गुस्साई भीड़ ने स्कूल परिसर में पथराव किया और तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने दोषी शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

Advertisements
Ad 1

हंगामे के कारण पटना-दानापुर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। आम लोगों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दीघा थाना सहित कई थानों की पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक इलाके में तनाव बना हुआ था। इधर छात्र की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।

Related posts

डायल-112 के सफल चार वर्ष पूरे, बिहार में 60 लाख से अधिक लोगों को मिली आपात सहायता

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों की 18 जुलाई को पटना में होगी महत्वपूर्ण बैठक

जहानाबाद में महिला थाना व SC/ST थाना का एसपी ने किया औचक निरीक्षण

error: