कटिहार, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) द्वारा जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आंगनवाड़ी सेविकाओं द्वारा बच्चों और गर्भवती महिलाओं को स्वस्थ्य और सुरक्षित रखने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों में आवश्यक पोषण युक्त पदार्थ उपलब्ध कराई जाएगी जिसका लाभार्थियों द्वारा लाभ उठाया जाएगा। इसके लिए आईसीडीएस द्वारा जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में 09 से 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़े का संचालन निष्पादित किया जाएगा। पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्षों में मष्तिष्क के समुचित एवं सर्वोत्तम विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक बाल उद्दीपन के महत्व पर विशेष बल देना है।
आईसीडीएस जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (डीपीओ) कुमारी पूर्णिमा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त दिशा निर्देशों के आलोक में पोषण पखवाड़े के आयोजन हेतु गतिविधि कैलेंडर एवं अवधारणा जिला आईसीडीएस को उपलब्ध कराई गई है जो सभी प्रखंड सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षिकाओं के माध्यम से आंगनवाड़ी सेविकाओं को उपलब्ध कराई गई है। इसके अनुसार जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन 05 गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्थानीय आवश्यताओं एवं क्षेत्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र विशेष के अनुरूप गतिविधियों का आयोजन भी किया जा सकता है। इसमें मातृ एवं शिशु पोषण, स्तनपान, पूरक आहार, मस्तिष्क के विकास के लिए 0 से 03 वर्ष के बच्चों के लिए प्रारंभिक उत्तेजना, बच्चों को खेल आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम कम करने के लिए माता-पिता एवं समुदाय की भूमिका पर चर्चा आदि का आयोजन करते हुए लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गर्भवती महिलाओं और बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जा सकेगी और महिलाएं और शिशु स्वस्थ और सुरक्षित रहेंगे।
