पटना सिटी, न्यूज क्राइम 24। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पटना साहिब के विधायक नंदकिशोर यादव ने सोमवार को पटना सिटी के छठ घाटों का निरीक्षण किया और जलस्तर में कमी होने पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं के निदान की दिशा में समुचित निदेश दिये।
श्री यादव ने आज गायघाट से कंगनघाट तक कोई एक दर्जन से अधिक घाटों का निरीक्षण करने के दौरान उचित दिशा निर्देश दिये। भद्र घाट, महावीर घाट, आदर्श घाट , दुली घाट, खांजेकला घाट, टेढ़ीघाट, मिरचाई घाट, कंगन घाट आदि स्थानों का भ्रमण किया और गंगा तट के किनारे स्थिति देखी और तैयारियों का मुआयना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छठव्रतियों को किसी तरह की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। श्री यादव ने कहा कि स्थानीय प्रशासन छठव्रतियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखे।
घाटों तक पहुंचने के रास्तों पर रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही, घाटों पर गोताखोर और एनडीआरएफ -एसडीआरएफ की टीमों की भी तैनाती होनी चाहिए। इसके अलावा जिन घाटों पर दलदल की स्थिति है, वहां लोग न जाएं, इसके लिए उन घाटों की घेराबंदी करायी जानी चाहिए। श्री यादव ने कहा कि सभी घाटों पर मेडिकल टीम भी उपलब्ध हों, ताकि भीड़ के कारण हल्की-फुल्की किसी को चोट आ जाए, तो उसका त्वरित इलाज किया जा सके।
श्री यादव ने कहा कि छठव्रतियों की सेवा में हर साल भाजपा के कार्यकर्ता लगे रहते हैं। इसलिए इस बार भी भाजपा के कार्यकर्ताओं अपने स्तर से छठव्रतियों की सेवा में कोई कमी नहीं रहने दें। श्री यादव ने कहा कि छठ लोकआस्था का महापर्व है, इसलिए सभी को ध्यान रखना है कि इसकी गरिमा और पवित्रता बनीं रहे। श्री यादव के साथ पूर्व उप महापौर रूप नारायण मेहता, नवीन कुमार सिन्हा, शिशिर सिन्हा, प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र, संजीव पटवा, राजेश साह, विनायकृष्ण बाला, किरण मेहता,स्मिता रानी, लड्डू चंद्रवंशी, विनय केसरी, सुरेश सिंह पटेल, संजय सिंह, राजेश साह के अलावा पार्टी के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, कई निगम पार्षद व जिला भाजपा के पदाधिकारी साथ-साथ थे।
