फुलवारीशरीफ, अजीत। दीपावली पर्व के समापन पर पटना जिले के विभिन्न इलाकों — फुलवारी शरीफ, संपतचक, गौरीचक, बेलदारीचक, गोपाल पुर परसा बाजार, पुनपुन, जानीपुर, वाल्मी, भूसौला, दानापुर, सवजपुरा, ईसापुर, चुनौती कुआं, सदर बाजार, राष्ट्रीय गंज, अनीसाबाद, बेउर, सिपारा, पुलिस कॉलोनी, पहाड़पुर, चितकोहरा, इलाहीबाग, रामकृष्ण नगर, जगनपुरा, खेमनीचक, संजय नगर, रामलखन पथ, मीठापुर बस स्टैंड, ढेलवा, भूपतीपुर और कुरथौल आदि क्षेत्रों में स्थापित मां लक्ष्मी, मां काली और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विधि-विधानपूर्वक विसर्जन किया गया. पेठीया बाजार में स्थापित मां काली की प्रतिमा के विसर्जन हाथी घोड़ा बैंड बाजा के साथ भव्य रूप से किया गया.अकेले फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में ही कुल 54 प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।
सुबह से ही श्रद्धालु जुलूस की शक्ल में ढोल-बाजे के साथ प्रतिमाएं लेकर निकले.कई जगहों पर युवकों की टोली मां लक्ष्मी की विदाई के समय ढोल और डीजे की धुनों पर नाचते-गाते चली. महिलाएं भी बड़ी संख्या में इस शोभा यात्रा में शामिल रहीं. श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मां लक्ष्मी और मां काली की प्रतिमाओं को विदाई दी।
प्रतिमाओं को पिकअप, ट्रैक्टर और टेंपो से विसर्जन स्थल तक ले जाया गया.कई जगहों पर श्रद्धालुओं ने कंधों पर उठाकर भी प्रतिमा को नदी या तालाब तक पहुंचाया. विसर्जन के दौरान श्रद्धा और उमंग का माहौल देखने को मिला. प्रतिमा का विसर्जन फुलवारी खगौल सोन नगर लख पर शिव मंदिर तालाब पूरनपुर नदी एवं विभिन्न तालाब पोखर में किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. हर थाना क्षेत्र में , डीएसपी थानाध्यक्ष और पुलिस बल तैनात थे. संपतचक और पुनपुन घाटों पर विशेष निगरानी रखी गई. घाटों पर गोताखोरों की टीम मौजूद रही ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में शाम तक मां लक्ष्मी और मां काली की प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न हुआ.सड़कों पर मेले जैसा दृश्य रहा. दीपावली की रोशनी के बीच भक्तों ने देवी मां से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
