पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) रोटरी पटना सिटी सम्राट द्वारा होली के पावन अवसर पर शनिवार की शाम “रंगोत्सव” होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम KL7 होटल एंड बैंक्वेट, राजा घाट, गाय घाट, पटना सिटी में आयोजित हुआ। समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सद्भावना को सुदृढ़ करना रहा। आयोजन में क्लब के सदस्यों, आमंत्रित अतिथियों एवं विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्षों, सचिवों तथा गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। रंग-बिरंगे गुलाल, पारंपरिक फाग गीतों और उल्लासपूर्ण वातावरण ने पूरे परिसर को होली के रंगों से सराबोर कर दिया।
रोटरी सदस्यों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता व सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु रतनेश कुमार, विधायक पटना साहिब भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पटना की विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं के पदाधिकारी तथा शहर के कई गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मधुर गीतों और प्रस्तुतियों पर अतिथि झूमते नजर आए। कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों — अध्यक्ष रोटेरियन अभिषेक पैट्रिक, परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन त्रिभुवन कुमार, परियोजना सह-अध्यक्ष रोटेरियन सुमित चंद्रवंशी, संयोजक रोटेरियन गोविंद चौधरी, कोषाध्यक्ष रोटेरियन मधुबाला पाल एवं सचिव रोटेरियन ओम प्रकाश सहित सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
