फुलवारीशरीफ, अजित। इमारत शरिया बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल की देखरेख में संचालित मौलाना सज्जाद मेमोरियल अस्पताल में मंगलवार को रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया.शिविर में मुफ्त स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण किया गया. इसमें ब्लड शुगर, बीपी, थायरॉइड, हड्डी रोग, नेत्र रोग, दांत रोग, चर्म रोग, कान-नाक-गला, पेट और गैस्ट्रो, महिलाओं के रोग और बच्चों के रोग की जांच की गई. विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया और सैकड़ों लोगों को मुफ्त दवाइयां दी गईं।
इस अवसर पर बिहार झारखंड उड़ीसा बंगाल के अमीरे शरीयत हज़रत मौलाना सैयद अहमद वली फैसल रहमानी ने कहा कि रक्तदान करके किसी इंसान की जान बचाना बहुत बड़ा पुण्य है. अल्लाह की प्रसन्नता और खुशी के लिए किया गया हर नेक कार्य प्रिय और वांछनीय है. उन्होंने कहा कि मौलाना सज्जाद मेमोरियल अस्पताल की स्थापना इमारत शरिया के संस्थापक हज़रत मौलाना अबू अल-महासिन मुहम्मद सज्जाद की याद में की गई है, जहाँ धर्म, जाति और समुदाय से ऊपर उठकर मरीजों की सेवा की जाती है।
वहीं कार्यक्रम में इमारत शरिया के नाज़िम मौलाना मुफ़्ती मुहम्मद सईद-उर-रहमान कासमी, इमारत शरिया एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के महासचिव काज़ी शरीयत मौलाना मुहम्मद अंजार आलम कासमी, अस्पताल के कार्यवाहक सचिव डॉ. सैयद यासिर हबीब और प्रबंधक खुर्शीदा परवीन सहित कई जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।
