पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बुधवार को पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड अंतर्गत नगवां गांव में आयोजित किसान संगोष्ठी का उद्घाटन माननीय गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा गन्ने की पेराई कर गुड़ उद्योग तथा गन्ने का पौधा रोपित कर सिंगल बड आधारित गन्ना नर्सरी का शुभारंभ किया गया। साथ ही यंत्र बैंक का भी शुभारंभ किया गया।
किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार कम जमीन में अधिक से अधिक गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराकर गन्ने की खेती को अधिक लाभकारी बनाना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर कम लागत में अधिक गन्ना उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। विभाग का प्रयास है कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे और गन्ने की खेती को पारंपरिक फसल से आगे बढ़ाकर एक लाभकारी गन्ना आधारित उद्योग के रूप में विकसित किया जाए।
माननीय मंत्री ने कहा कि पटना एवं आसपास के क्षेत्रों में गन्ने की खेती तथा इससे जुड़े उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। गन्ना केवल चीनी उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गुड़, इथेनॉल एवं अन्य सह-उत्पादों के माध्यम से रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। राज्य में गन्ना आधारित उद्योगों के विस्तार से किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री धर्मेंद्र सिंह द्वारा बताया गया कि राज्य सरकार किसानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान समय गन्ने की शरदकालीन बुवाई के लिए महत्वपूर्ण है। किसान उन्नत किस्म के बीज, आधुनिक कृषि यंत्र एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। नगवां गांव में एक साथ गन्ना नर्सरी, यंत्र बैंक एवं गुड़ उद्योग की स्थापना किसानों के लिए एक सराहनीय पहल है। सरकार इन योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के अनुदान भी उपलब्ध करा रही है। साथ ही उनके द्वारा किसानों से इन सुविधाओं एवं योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील भी की गई।
ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा किसानों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने तीनों इकाइयों की स्थापना करने वाले प्रगतिशील किसान श्री रवि रंजन कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्री रवि रंजन कुमार द्वारा क्षेत्र में लगभग 50 एकड़ भूमि में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में इंडियन पोटाश लिमटेड द्वारा नियुक्त सकरी एवं रैयाम चीनी मिल के यूनिट हेड श्री एन.पी. सिंह, गन्ना हेड श्री विनोद तिवारी, उप निदेशक (ईख विकास) श्री संजय कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी, प्रगतिशील किसान एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संयुक्त निदेशक (ईख विकास) श्री रेमंत झा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन कर किया गया।
