पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, यातायात, पटना के मार्गदर्शन में मिशन SAFAR (Safe Action for First Aid and Accident Response) के तहत लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 को श्री अरविंद महिला कॉलेज की छात्राओं ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), पटना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को आधुनिक तकनीक की सहायता से शहर के यातायात की वास्तविक समय में निगरानी एवं संचालन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने ई-चालान प्रणाली की कार्यप्रणाली तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में आधुनिक तकनीक की भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्हें यातायात नियमों के पालन और सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं को एक जिम्मेदार नागरिक, सजग यात्री एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक युवा बनने की प्रेरणा मिली।
मिशन SAFAR का उद्देश्य केवल यातायात नियमों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि ऐसे जागरूक युवाओं का निर्माण करना भी है, जो दुर्घटना की स्थिति में जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा दें।
