पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) महावीर मंदिर, पटना जंक्शन की ओर से शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर करीब तीन हजार बाढ़ पीड़ितों के बीच अल्पाहार के पैकेट, मिठाई और सीलबंद पेयजल की बोतलें वितरित की गईं।
अल्पाहार में खस्ता कचौड़ी, मिठाई और सीलबंद पानी शामिल था। बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति को देखते हुए श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने अल्पाहार एवं पेयजल वितरण कराने का निर्देश दिया था। उनके निर्देश पर राहत सामग्री का वितरण किया गया।
वितरण अभियान के दौरान राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के बिदुपुर प्रखंड स्थित बाजितपुर भिंडा बाढ़ पीड़ित कैंप, चेचर घाट, खालसा घाट, मनियापुर, दीघा घाट, एलसीटी घाट और राघोपुर में नाव पर सवार लोगों के बीच अल्पाहार एवं पेयजल बांटा गया। इसके अलावा राघोपुर के सिक्स लेन पुल के नीचे और महादलित टोला सहित अन्य प्रभावित इलाकों में भी राहत सामग्री पहुंचाई गई।
महावीर मंदिर की ओर से धार्मिक और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार विभिन्न कार्य किए जाते हैं। अयोध्या में राम रसोई, महावीर मंदिर में दरिद्र नारायण भोजन, सीतामढ़ी में सीता रसोई और गया में पितृपक्ष मेला के दौरान विष्णु रसोई का आयोजन किया जाता है। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में महावीर कैंसर संस्थान, महावीर वात्सल्य अस्पताल, महावीर आरोग्य अस्पताल और महावीर नेत्रालय सहित 10 अस्पतालों का संचालन किया जा रहा है।
राहत सामग्री मिलने के बाद बाढ़ पीड़ितों में खुशी देखी गई। लोगों ने महावीर मंदिर और बजरंगबली के जयकारे लगाए। इस मौके पर आरसी शेषाद्रि, अंजनी पांडेय, अनिमेष, पंकज कुमार, गोरखनाथ सिंह, सुरजीत मिश्रा सहित बाजितपुर सैदात पंचायत के मुखिया सुनील कुमार राय, सरपंच धर्मेंद्र चौरसिया, सुभाष कुमार सिंह एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
