पटना, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 21 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इस फेरबदल के तहत पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, रोहतास, बांका, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और खगड़िया समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है। साल 2012 बैच के आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार को पटना का नया समाहर्ता सह जिला पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले नालंदा के डीएम के रूप में कार्यरत थे। वहीं पटना के निवर्तमान जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जहानाबाद की डीएम अलंकृता पाण्डेय को भागलपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव छिरिङ वाई. भूटिया को जहानाबाद का नया डीएम नियुक्त किया गया है। मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (BMICL) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
रोहतास की डीएम उदिता सिंह को नालंदा का नया डीएम बनाया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। निबंधन महानिरीक्षक सह उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल को बांका का डीएम तथा कम्फेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) का नया डीएम बनाया गया है। वहीं प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर को खगड़िया का नया जिला पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का अध्यक्ष बनाया गया है। पूर्वी चंपारण के निवर्तमान डीएम सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
विभागीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। आनंद किशोर को पूर्ण रूप से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्यू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
खगड़िया के निवर्तमान डीएम नवीन कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनके पास सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) के प्रभारी सचिव तथा बिहार स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी स्थानांतरण एवं नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
