पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सबका सम्मान-जीवन आसान के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन-आकांक्षाओं के त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु 19 मई 2026 से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सभी जिलों में पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संबंधित जिले के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहेंगे। आज इसी क्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री -सह- प्रभारी मंत्री, पटना जिला श्री विजय कुमार चौधरी दानापुर प्रखंड के सरारी पंचायत, नौबतपुर प्रखंड के चिरौरा पंचायत एवं पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत पहुंचे।इस दौरान उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने उपस्थित जन-समूह को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की घोषणा के अनुरूप आज बिहार के सभी जिले में पंचायतवार ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज पटना जिला के सभी 23 प्रखंडों के 41 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया है। इन शिविरों में हजारों की संख्या में आम लोग भाग ले रहे हैं तथा सरकार की सैकड़ों लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से लोगों के जीवन-स्तर में आए सकारात्मक परिवर्तन एवं सामाजिक, शैक्षणिक तथा आर्थिक सशक्तिकरण पर प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं। मुझे गर्व है कि वर्तमान मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी स्पष्ट रूप से न सिर्फ किसी बात को कहते हैं बल्कि उसे करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया है, आज मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी भी उन कार्यक्रमों को उसी रूप में और अधिक तेजी से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं, जो काबिले तारीफ है।
खुशी की बात है कि आज जनता के द्वार सरकार आयी है, जिले के वरीय पदाधिकारी लोगों की समस्याओं को सुनने और उसके निराकरण के लिए पंचायतों में मौजूद हैं।इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने शिविर स्थलों पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनोपयोगी काउन्टर का निरीक्षण किया तथा लोगों से फीडबैक भी लिया। माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बासगीत पर्चा, यूनिक डिसएबिलिटि कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, राशन कार्ड, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण योजना के अंतर्गत श्रम कार्ड सहित सरकार की जनहित की विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को राशि के समतुल्य सांकेतिक चेक, स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किया गया।
शिविरों में काफी अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी एवं जिला प्रशासन, पटना के उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए अधिकतम जन-भागीदारी आवश्यक है और आज उन्हें यह देखकर काफी खुशी हो रही है कि लोग जनहित की योजनाओं में स्व-प्रेरणा से एवं सहर्ष अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर में भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की जिन योजनाओं को नीतीश कुमार जी ने लागू किया, उन योजनाओं को और अधिक तेजी से आगे बढ़ने का मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के आदेशों के अनुरूप सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन अनिवार्य रूप से किया जाएगा अन्यथा शिथिलता या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध स्वतः अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ हो जाएगी।कार्यक्रम के दौरान विधान पार्षद श्री रविंद्र कुमार सिंह, पटना के जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के प्रतिनिधिगण एवं जिले के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
