पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को बेहतर और जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने हड़ताली मोड़ और आसपास के इलाकों का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान सड़क पर यातायात संचालन, अवैध पार्किंग और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात ने संबंधित अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क पर वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने, अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई करने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। पटना पुलिस का कहना है कि राजधानी को जाम मुक्त और यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
