अररिया, रंजीत ठाकुर। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, अररिया की टीम ने जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भरगामा थाना क्षेत्र के पैकपार पंचायत से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस मामले में पंचायत के वर्तमान सरपंच राज कुमार मेहता को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार अधीक्षक मद्य निषेध अररिया निरंजन कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि पैकपार पंचायत वार्ड संख्या 10 निवासी राज कुमार मेहता अपने घर से अवैध विदेशी शराब का भंडारण और बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अधीक्षक के निर्देश पर मद्यनिषेध यानाध्यक्ष शत्रुन्जय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल में अ०नि० शिवज्ञान कुमार, स०अ०नि० अनिल कुमार सिंह, स०अ०नि० चिंतामनी पासवान, मद्य निषेध सिपाही एवं गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे। टीम ने शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे अभियुक्त के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान घर के पीछे तिरपाल से ढके स्थान से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। बरामद सामग्री में 168 बोतल हेवर्ड्स 5000 बीयर यानी 84 लीटर तथा 108 बोतल इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की यानी 81 लीटर शामिल है। कुल मिलाकर 165 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर जब्त की गई। मद्यनिषेध विभाग की टीम ने मौके पर ही विधिवत जप्ती सूची तैयार कर सभी शराब को जब्त कर लिया। इसके बाद गिरफ्तार अभियुक्त और जब्त सामान को उत्पाद थाना अररिया लाया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त वर्तमान में पैकपार पंचायत का सरपंच है। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
