बिहार

हनुमान जयंती : महावीर मंदिर में कलश स्थापना के साथ श्रीराम चरित मानस नवाह पाठ की हुई शुरूआत

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) हनुमान जयंती के पावन अवसर पर महावीर मन्दिर, पटना में शुक्रवार को प्रातः कलश-स्थापना के साथ श्रीरामचरितमानस नवाह पाठ का शुभारंभ किया गया। मन्दिर के ऊपरी तल पर स्थित स्थायी मंडप में मिथिला की 11 सदस्यों वाली मंडली द्वारा नौ दिनों तक श्रीरामचरितमानस का नवाह पाठ किया जा रहा है, जिसकी पूर्णाहुति हनुमान जयंती के दिन होगी। इस वर्ष यजमान की भूमिका श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल थे। जबकि पुरोहित हैं आचार्य पंडित जटेश झा। इस वर्ष हनुमान जयंती 07 नवंबर को है। उस दिन हनुमान जी के दरबार का लाल गुलाब फूल से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही 51 किलो का एक नैवेद्यम लड्डू(भोग) तैयार किया जाएगा। यह भोग भक्तों के बीच वितरित किया जाएगा। भक्तों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर अधिक संख्या में सरकारी और प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

अभी क्यों मनाई जाती है हनुमान जयंती…

वास्तव में हनुमानजी की आराधना विभिन्न रूपों में होती रही है। कही एकमुखी हनुमानजी जी के रूप में तो कही पंचमुखी हनुमानजी के रूप में भी इनकी आराधना होती रही है। इसी प्रकार जगद्गुरु रमानन्दाचार्य ने उनकी जयन्ती की तिथि कार्तिक मास में बतलायी है, तो दक्षिण भारत की परम्परा में चैत्र पूर्णिमा को यह जयन्ती मनायी जाती है। यह विविधता हमारे विशाल भारत की गौरव गाथा है।

भगवान श्रीसीतारामजी के परम भक्त, अंजनानंदन, हनुमान् जी की विभिन्न पुराणों और ग्रन्थों में भिन्न-भिन्न जन्म तिथियों का उल्लेख प्रप्त होता है। ‘हरि अनंत हरि कथा अनंत’ के अनुसार, हनुमान् जयंती की ये सभी जन्मतिथियाँ कल्पभेद के आधार पर सत्य हैं। अगस्त्य संहिता के नाम पर प्रचलित एक श्लोक के अनुसार हनुमान् जी का जन्म कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को हुआ। वायु पुराण के अनुसार कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को स्वाति नक्षत्र, मेष लग्न में भगवान शिव स्वयं माता अंजना के गर्भ से प्रकट हुए थे। जगद्गुरु रामानंद आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक ‘श्री वैष्णवमताब्जभास्कर’ के अनुसार हनुमानजी का जन्म कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को हुआ था। इसलिय महावीर मन्दिर में रामानन्दाचार्य की परम्परा के अनुसार कार्तिक मास में कृष्णपक्ष की चतुर्दशी तिथि को विधानपूर्वक हनुमान जयन्ती मनायी जाती है।

Related posts

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संदेश लेकर छात्राओं के बीच पहुंचा पावरग्रिड

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संदेश लेकर छात्राओं के बीच पहुंचा पावरग्रिड

हनुमान जयंती : महावीर मंदिर में कलश स्थापना के साथ श्रीराम चरित मानस नवाह पाठ की हुई शुरूआत