फुलवारीशरीफ, अजित। इमारत ए शरिया फुलवारी शरीफ के प्रबंधक मोहम्मद असदुल्लाह कासमी ने रमज़ान के मुबारक मौके पर कहा कि यह महीना केवल भूखे-प्यासे रहने का नाम नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, तक़वा और अल्लाह की रज़ा हासिल करने का बेहतरीन अवसर है. रमज़ान इंसान को अपने अंदर झांकने और अपने किरदार को बेहतर बनाने का पैगाम देता है.
उन्होंने कहा कि इस पवित्र महीने में अल्लाह तआला अपने बंदों पर खास रहमत नाज़िल करता है. जो लोग ईमान और सवाब की नीयत से रोज़ा रखते हैं, उनके गुनाह माफ़ कर दिए जाते हैं और उनकी दुआएं कबूल की जाती हैं. रमज़ान का असली मकसद समाज में हमदर्दी, भाईचारा और इंसानियत को मजबूत करना है।
मोहम्मद असदुल्लाह कासमी ने अपील की कि रोज़ेदारों को चाहिए कि वे रोज़े के दौरान झूठ, गाली-गलौज, चुगली और तमाम बुराइयों से परहेज़ करें. नमाज़, तिलावत-ए-कुरआन और दुआ का खास एहतमाम करें. सहरी और इफ्तार के वक्त जरूरतमंदों का ख्याल रखें और गरीबों की मदद को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि रमज़ान हमें सब्र, शुक्र और अनुशासन का पाठ पढ़ाता है. अगर हम इस महीने की असल रूह को समझ लें, तो हमारा व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन दोनों संवर सकता है। अंत में उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला हम सभी को रमज़ान की बरकतों से मालामाल करे और नेक रास्ते पर चलने की तौफीक अता फरमाए।
