पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राजधानी के फुलवारी शरीफ इलाके में होली के दिन कई जगहों पर मारपीट और पथराव की घटनाएँ हुईं. प्रतिबंधित शराब के नशे में लोग झूमते रहे और मामूली बातों पर हिंसा में उतर आए.पुलिस प्रशासन किसी तरह हालात को काबू करने में सफल रहा, लेकिन कुछ इलाकों में स्थिति गंभीर बनी रही. खानकाह मोड़ और ग्वाल टोली मोहल्ला के पास भी दो पक्षों में मामूली सी बात को लेकर पत्थरबाजी हुई. पुलिस ने हालात को तुरंत संभाल लिया.
रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के न्यू जगनपुरा में अश्लील गाना बजाने से मना करने पर दो सगे भाई—संजीत और रंजीत—को आरोपियों अर्जुन, रामजी और इंदल ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर बुरी तरह पीटा.दोनों भाइयों को पड़ोसियों की मदद से रामकृष्ण नगर थाना ले जाया गया, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी हैl
होली के दिन फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के सब्ज़पुरा गांव करोड़ी चक और बेउर थाना के मखदुमपुर में भी मारपीट की घटनाएँ हुईं.सब्ज़पुरा में झगड़े के दौरान घर की महिलाओं समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. एक व्यक्ति इंदल राम का दांत टूट गया, जबकि कुछ महिलाओं के सिर फट गए. आक्रोशित लोग स्थानीय फुलवारी थाना गेट पर पहुंचकर हंगामा करने लगे. मखदुमपुर में किसी तरह पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. वही करोड़ी चक में फुलवारी शरीफ थाना के निजी चालक शिव को घर में घुसकर लोगों ने पीटा जिससे उसका सर फट गया.
इन सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज हुई है और पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने में जुट गई है.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी हमलावर नशे में थे .होली को लेकर फुलवारी शरीफ, जानीपुर, रामकृष्ण नगर, गौरीचक, गोपालपुर, बेउर, परसा बाजार, खगौल और आसपास के इलाकों में जमकर देसी-विदेशी शराब की बिक्री हुई. नशे में धुत लोग जगह-जगह उत्पात मचाते रहे.पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की लेकिन शराब पीकर झूम रहे लोगों को गिरफ्तार करना मुनासिब नहीं समझा. प्रशासन सिर्फ शांति बहाल करने में जुटा रहा और किसी तरह हालात को काबू में लाया गया. होली के मौके पर शांति बहाल करने के लिए एसडीपीओ और थाना अध्यक्ष के साथ वीडियो सीओ लगातार घूम-घूम कर इलाके में भ्रमण करते रहे.
