बिहार

कोहरे का फायदा उठाकर फरार हुए संदिग्ध, खेत में फंसी स्कॉरपियो से अवैध हथियार बरामद!

पटना, अजित। पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घने कोहरे का फायदा उठाकर भाग रहे संदिग्धों की स्कॉरपियो गाड़ी खेत में फंस गई, जिसके बाद पुलिस ने वाहन से अवैध हथियार और गोली बरामद की है. हालांकि अंधेरे और कोहरे का लाभ उठाकर गाड़ी पर सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। मामला गौरीचक थाना कांड संख्या 06/26 दिनांक 02.01.2026 से जुड़ा है, जिसमें आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a, 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार 01 जनवरी 2026 की रात वादी सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार यादव सशस्त्र बल के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्ती पर थे. इसी दौरान 02 जनवरी की रात करीब 12:10 बजे सोहगी मोड़ से रामपुर बहुआरा की ओर गश्ती के दौरान सामने से आ रही एक काले रंग की स्कॉरपियो गाड़ी, जिसका नंबर BR01PM-1177 है, संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। गाड़ी के शीशों पर काले रंग का पेपर लगा हुआ था। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर स्कॉरपियो चालक ने वाहन को पीछे की ओर तेजी से भगाना शुरू कर दिया. घना कोहरा होने के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और रामपुर बहुआरा के बीच खेत में जाकर फंस गया. इसके बाद गाड़ी पर सवार सभी लोग कोहरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस पदाधिकारियों ने वाहन की तलाशी ली तो स्कॉरपियो के अंदर से एक लोडेड एकनाली अवैध बंदूक, एक गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. बरामद सभी सामानों को विधिवत जप्ती सूची बनाकर थाना लाया गया।

Advertisements
Ad 1

घटना के संबंध में सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार यादव द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर गौरीचक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस कांड के उद्भेदन में जुटी हुई है. जप्त स्कॉरपियो वाहन के मालिक की जानकारी प्राप्त करने के लिए डीटीओ कार्यालय से पत्राचार किया जा रहा है, जबकि बरामद मोबाइल के धारक की पहचान के लिए तकनीकी शाखा की मदद ली जा रही है. वहीं बरामद अवैध हथियार के नेटवर्क को लेकर गुप्तचर माध्यम से भी जांच तेज कर दी गई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इस घटना के बाद इलाके में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पुलिस की चौकसी और बढ़ा दी गई है।

Related posts

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा ने मनाया समर्पण दिवस

दुर्गा क्लब ने बरबीघा क्रिकेट क्लब जूनियर को 05 विकेट से हराया

आम लोगों के साथ सीधा संवाद करने का माध्यम कला संवाद पत्रिका : मंत्री

error: