पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पारा मेडिकल एसोसिएशन ऑफ बिहार (PMA Bihar) ने 11 दिसंबर को बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) के समक्ष एक दिवसीय शांतिपूर्ण आंदोलन की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण ने बताया कि ओटी असिस्टेंट, ईसीजी टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन सहित अन्य पारा मेडिकल पदों पर लंबित नियुक्ति को जल्द पूरा करने की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अटकी नियुक्तियों को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है और अब त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।
तीन प्रमुख मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन:-
- विज्ञापन संख्या 03/25, 04/25, 05/25 सहित Dentist एवं Pharmacist पदों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तुरंत शुरू किया जाए और आगे की कार्रवाई तेजी से हो।
- विज्ञापन संख्या 02/2025 (Lab Technician) की परीक्षा शीघ्र कराई जाए और BTSC द्वारा नियुक्ति पर लगे स्टे को हटाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
- विज्ञापन संख्या 21/2025 (Dresser) और 23/2025 (Staff Nurse) का स्कोरcard जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए।
प्रदेश महासचिव सुरेंद्र सुमन ने कहा कि सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया को प्राथमिकता में रखने की बात कही थी और लक्ष्य तय किया गया था कि नियुक्तियाँ चार महीने में पूरी कर ली जाएंगी। लेकिन परीक्षा के पाँच महीने बाद भी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इस देरी से अभ्यर्थियों में असुरक्षा और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष आशुतोष नंदन व संगठन प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि कई दिनों से BTSC अधिकारियों द्वारा “आज-कल” के नाम पर छात्रों को आश्वासन दिया जा रहा है, जिससे छात्र मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण ने कहा कि राज्य के अस्पतालों में पारा मेडिकल कर्मियों एवं नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है। इसलिए नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी होना अत्यंत आवश्यक है। नियुक्तियाँ पूरी होने से जहाँ अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएँ मजबूत होंगी, वहीं योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने सरकार से नियुक्ति प्रक्रिया तत्काल पूरी करने की मांग की।
