दिल्ली, सोनू कुमार : जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कल शाम तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगी। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह शिखर सम्मेलन दोनों पक्षों को द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा और सुदृढ़ीकरण करने तथा पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगा।
यात्रा के दूसरे दिन, प्रधानमंत्री ताकाइची का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगी। दोनों नेताओं के, द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करने और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा करने की उम्मीद है। इसके बाद समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया जाएगा और संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी। दोपहर में, प्रधानमंत्री ताकाइची राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित भारत-जापान व्यापार मंच में भाग लेंगी।
प्रधानमंत्री ताकाइची का यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। यह यात्रा पिछले वर्ष अगस्त में 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तोक्यो यात्रा के बाद हो रही है । यह यात्रा भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
