बिहार

डॉक्टरों की हड़ताल से नवाबगंज अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लटका ताला, मरीज परेशान

अररिया, रंजीत ठाकुर। बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर बुधवार को आयोजित एकदिवसीय ओपीडी बहिष्कार के कारण नरपतगंज प्रखंड के नवाबगंज अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी सेवा पूरी तरह ठप रही। अस्पताल में चिकित्सकों की हड़ताल के चलते मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही विभिन्न गांवों से मरीज इलाज कराने अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के हड़ताल पर रहने के कारण उन्हें बिना इलाज ही वापस लौटना पड़ा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आए परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई मरीजों ने बताया कि मजबूरी में उन्हें निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ा, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया।

जानकारी के अनुसार, अरवल सदर अस्पताल में सिविल सर्जन के साथ हुई कथित अभद्रता की घटना के विरोध में बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर जिले के सरकारी चिकित्सकों ने 22 जुलाई को एकदिवसीय ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार किया। हालांकि, आपातकालीन एवं जीवनरक्षक सेवाएं पूर्ववत संचालित होती रहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद रहने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज सबसे अधिक प्रभावित हुए। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थिति सामान्य कराने तथा मरीजों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, नरपतगंज डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर बुधवार को केवल ओपीडी सेवाएं एक दिन के लिए बंद रखी गई हैं। आपातकालीन एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पूर्ववत जारी हैं।

Related posts

नीट आंदोलन और बीजेपी-कांग्रेस प्रदर्शन के बीच पटना की सड़कों पर बवाल

शिविर में नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया

चौक थाना पुलिस की कार्रवाई : चोरी के आरोपी गिरफ्तार, अपहरण मामले में नाबालिग बरामद!

error: