पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राजधानी पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित BREATHCON 2026 कार्यक्रम में बिहार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित फेफड़ा रोग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए श्वसन संबंधी बीमारियों की रोकथाम, बेहतर उपचार और चिकित्सा अनुसंधान के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सांसों का चलना जीवन का प्रतीक है और ऐसे में चेस्ट मेडिसिन एवं श्वसन रोगों से संबंधित अनुसंधान, रोकथाम तथा उपचार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में टीबी, सीओपीडी, अस्थमा, फेफड़ों का कैंसर, स्लीप एपनिया सहित कई श्वसन संबंधी बीमारियां देश और प्रदेश के सामने बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बनकर उभर रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने इन बीमारियों से निपटने में पल्मोनोलॉजिस्ट यानी फेफड़ा रोग विशेषज्ञों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, आधुनिक उपचार पद्धतियों और जन-जागरूकता के माध्यम से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने BREATHCON जैसे आयोजनों को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि चिकित्सकों, विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को मिलकर बिहार को स्वस्थ एवं खुशहाल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से श्वसन रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर उपचार की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
