पटना सिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक सोनू कुमार की 22 नवंबर की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते 8 नवंबर को हुए सड़क हादसे में सोनू कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। परिजनों के अनुसार, एक ऑटो चालक ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
सोनू कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे पांच बच्चियां और दो बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। पिता की मौत के बाद परिवार के सामने अब सात मासूम बच्चों के पालन-पोषण, पढ़ाई-लिखाई और भविष्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। घर में मातम पसरा है और परिजनों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब इन बच्चों की जिम्मेदारी कौन उठाएगा।एक तरफ परिवार अपने प्रियजन को खोने के गम में डूबा है, तो दूसरी तरफ सात बच्चों के भविष्य की चिंता परिजनों को अंदर तक झकझोर रही है। सोनू कुमार की मौत ने परिवार की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों को भी कठिन बना दिया है। बच्चों की शिक्षा, भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चिंता अब परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
घटना के बाद इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने रानीपुर-सुदर्शन सड़क मार्ग पर विरोध जताते हुए करीब साढ़े तीन घंटे तक सड़क जाम रखा। सड़क जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची खाजेकलां थाना पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने के बाद जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
पुलिस के अनुसार, हादसे को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
