बिहार

जिले में 01 से 30 सितंबर तक होगा राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन

अररिया, रंजीत ठाकुर स्वस्थ व सेहतमंद जिंदगी के लिये उचित पोषण के महत्व के प्रति जनसमुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में 01 से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह अभियान संचालित किया जायेगा। इस दौरान व्यक्तिगत व सामुदायिक स्तर पर व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से गर्भवती व धात्री महिलाएं, किशोरियों व 06 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में पोषण स्तर पर सुधार सहित 03 से 06 साल के बच्चों के प्रारंभिक देखभाल व शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। पूरे माह एनीमिया, वृद्धि निगरानी, पूरक आहार, पोषण भी पढ़ाई भी, कुशल प्रशासन व पारदर्शिता संबंधी विषयों पर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समुदाय को इसके प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जायेगा। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर हर दिन पांच तरह की गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।

पूरे महीने होगा जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन

आईसीडीएस डीपीओ मंजूला कुमारी व्यास ने बताया कि पोषण माह अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। ताकि बच्चे, गर्भवती व धात्री महिलाएं सहित समुदाय के अन्य सदस्यों के पोषण स्तर में सुधार संभव हो सके। इस क्रम में एनीमिया के खतरों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये विशेष कैंप आयोजित किये जायेंगे। समुदाय को वृद्धि निगरानी के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए इसे अपडेट किया जायेगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर शिक्षा चौपाल आयोजित किये जायेंगे। बच्चे व उनके माता-पिता के साथ खेल व खिलौना आधारित गतिविधियां आयोजित की जायेगी। स्तनपान के महत्व, छह माह से अधिक उम्र के बच्चों को दिये जाने वाले पूरक आहार में विविधता, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषण युक्त खाद्य पदार्थ का पूरक आहार के रूप में प्रयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जायेगा। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ पौधारोपण संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, पोषण को प्रभावित करने वाले कारकों पर आधारित निबंध, चित्रकला सहित अन्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। आयोजित इन सभी गतविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित कराते हुए इस अभियान को जन आंदोलन का रुप देने का प्रयास किया जायेगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर हर दिन होगा पांच गतिविधियां आयोजित

Advertisements
Ad 2

जिला पोषण समन्वयक कुणाल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के क्रम में हर दिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर कम से कम पांच तरह की गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। इसका प्रतिवेदन ससमय जन आंदोलन डैश बोर्ड पर अपलोड किया जाना है। प्रत्येक दिन उत्कृष्ट गतिविधि से संबंधित एक सफल कहानी संबंधित फोटो व प्रतिवेदन के साथ पोषण अभियान के व्हाट्स एप समूह में साझा करना अनिवार्य होगा। उचित पोषाहार के सेवन के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से पूरे जिले में पोषण रैली, प्रभात फेरी, साइकिल रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम व हस्ताक्षर अभियान संचालित किये जाने की जानकारी उन्होंने दी।

हर घर तक सही पोषण की जानकारी पहुंचाना हमारा लक्ष्य

सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं बल्कि समुदाय के प्रत्येक सदस्य को पोषण व स्वास्थ्य संबंधी मामलों के प्रति संवेदनशील व जिम्मेदार बनाना है। अभियान के तहत हर घर तक सही पोषण की जानकारी पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। ताकि कुपोषण संबंधी मामलों को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने आम लोगों से अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। ताकि स्वस्थ व सेहतमंद समाज का निर्माण संभव हो सके।

Related posts

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में विभिन्न प्रकार की जांच एवं इलाज की सुविधा सहजता से उपलब्ध

जनसंख्या समाधान फाऊंडेशन उत्तर बिहार प्रदेशकार्यसमिति की बैठक

नवादा में आगजनी की घटना को जातीय रंग देना गलत : शीला मंडल