बिहार

मुहर्रम-2026 : ताजिया जुलूस को लेकर पटना में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) मुहर्रम-2026 के अवसर पर 26 एवं 27 जून को निकलने वाले ताजिया जुलूस के मद्देनजर पटना शहरी क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन द्वारा अशोक राजपथ एवं अनिसाबाद क्षेत्र में जुलूस के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन तथा वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। जारी निर्देश के अनुसार कारगिल चौक से पटना सिटी जाने वाले वाहनों को बाकरगंज मोड़, रामगुलाम चौक, एक्जीविशन रोड फ्लाईओवर, चिड़ैयाटाड़ पुल एवं पुरानी बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं पटना सिटी से अशोक राजपथ होते हुए गांधी मैदान की ओर किसी भी वाहन के आने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को अगमकुआं उपरी पुल, पुरानी बाईपास अथवा मैरिन ड्राइव के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

Advertisements
Ad 1

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोविंद मित्रा रोड, मखनियां कुआं, खजांची रोड, सब्जीबाग रोड, रमना रोड और गांधी चौक समेत अशोक राजपथ से जुड़ने वाली दक्षिणी बारीपथ सड़कों से किसी भी वाहन को अशोक राजपथ पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा नौबतपुर से एम्स-फुलवारीशरीफ-अनिसाबाद मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। जीरोमाइल से फुलवारीशरीफ की ओर आने वाले भारी वाहनों को बेलदारीचक, बिहटा-सरमेरा पथ, नौबतपुर, बिहटा एवं विक्रम मार्ग से अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति होगी। न्यू बाईपास के रास्ते पटना शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, रोगियों को ले जाने वाले वाहन, शव वाहन, न्यायिक कार्य से जुड़े वाहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।

Related posts

पर्यटन में बिहार की बड़ी छलांग, विदेशी पर्यटकों के मामले में देश में 9वां स्थान

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में दीक्षारंभ समारोह, 110 नए विद्यार्थियों ने शुरू की रंगकर्म की यात्रा

इतिहास और साहित्य का रिश्ता आत्मीय और जटिल : प्रो. कमलानंद झा

error: