पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ पटना सिटी ने बुधवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मारूफगंज में “पहले 1000 दिन” परियोजना के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के बीच पोषक तत्वों से भरपूर कच्चे अनाज एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष रोटेरियन पंकज किशोर सिंह एवं क्लब के सदस्यों ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले डॉ. आरिफा, डॉ. विजय कुमार सहित अन्य चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया।
क्लब अध्यक्ष पंकज किशोर सिंह ने कहा कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान उचित पोषण और नियमित देखभाल से स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ पटना सिटी भविष्य में भी जनकल्याणकारी परियोजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
रोटेरियन अनंत अरोड़ा एवं राजेश बल्लभ ने कहा कि पहले 1000 दिनों में संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता से मातृ एवं शिशु कुपोषण की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में रोटेरियन राजेश बल्लभ, अनंत अरोड़ा, जगन्नाथ कुमार, बिजय कुमार यादव, रव्यांशु प्रीत, सचिन शर्मा, रोटरेक्टर विक्की शाह, सोनू कुमार सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।
