वाराणसी, (न्यूज़ क्राइम 24) धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली। फ्रांस से वाराणसी पहुंचीं लिया ने भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में बबुआ पांडेय घाट पर छठ पूजा की। उनकी आस्था और भारतीय परंपराओं के प्रति प्रेम घाट पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

लिया नारंगी और महरून रंग की साड़ी पहने, माथे पर सिंदूर और लाल तिलक लगाए स्थानीय महिलाओं के साथ छठ पूजा में शामिल हुईं। उन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की और सूर्य देव एवं छठी मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
लिया ने बताया कि उन्हें भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में गहरी रुचि है। वह भगवान महादेव की भक्त हैं और छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से प्रभावित होकर विशेष रूप से काशी पहुंची हैं।
उन्होंने छठ महापर्व को सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला पर्व बताया। उनके अनुसार, सूर्य जीवन, ऊर्जा और प्रकाश के आधार हैं। यह पर्व प्रकृति और सूर्य देव के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश देता है।
फ्रांस से आई लिया का भारतीय परिधान धारण कर काशी के गंगा घाट पर स्थानीय महिलाओं के साथ छठ पूजा में शामिल होना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की वैश्विक पहचान को दर्शाता है। विदेशी महिला की इस श्रद्धा और सहभागिता ने एक बार फिर काशी की सांस्कृतिक विरासत और छठ महापर्व की महत्ता को खास बना दिया।
