बिहार

टीबी का इलाज पूरा होने के बाद भी हर चार में से तीन मरीजों को सांस संबंधी परेशानी : एम्स पटना का अध्ययन

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) टीबी (क्षय रोग) का इलाज पूरा होने के बाद भी मरीजों के फेफड़े पूरी तरह स्वस्थ हों, यह जरूरी नहीं है। एम्स पटना के एक अध्ययन में सामने आया है कि फेफड़ों की टीबी का इलाज पूरा करने के बाद भी हर चार में से लगभग तीन मरीजों को सांस संबंधी परेशानियां बनी रहती हैं। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल बीएमजे ओपन में प्रकाशित इस शोध के अनुसार, इलाज पूरा होने के एक महीने के भीतर जांच किए गए 256 मरीजों में से 195 (76.2 प्रतिशत) में सांस संबंधी लक्षण मौजूद थे। अध्ययन में खांसी सबसे आम समस्या थी जबकि लगभग आधे मरीजों ने सीढ़ियां चढ़ने या चढ़ाई वाले रास्ते पर चलने के दौरान सांस फूलने की शिकायत की। इसके अलावा, 239 मरीजों (93.4 प्रतिशत) की छाती के सीटी स्कैन या फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच (स्पाइरोमेट्री) में असामान्यताएं पाई गईं। इनमें फेफड़ों के ऊतकों पर निशान पड़ना और सांस की नलियों का असामान्य रूप से चौड़ा होना प्रमुख था।

टीबी का इलाज पूरा होने के बाद भी यदि खांसी बनी रहे, सांस फूलती हो या शारीरिक क्षमता कम महसूस हो तो मरीजों को इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्हें पल्मोनरी मेडिसिन विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। डॉक्टर की सलाह पर स्पाइरोमेट्री या अन्य जरूरी जांच कराई जा सकती है। मरीज अपनी क्षमता के अनुसार धीरे धीरे टहलने और हल्का व्यायाम करने की आदत डालें। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की देखरेख में पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन से भी लाभ मिल सकता है। धूम्रपान और तंबाकू से पूरी तरह बचें तथा धूल और धुएं के संपर्क को कम रखें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं दोबारा शुरू न करें। यदि खांसी के साथ बुखार, वजन कम होना या रात में पसीना आने जैसे लक्षण हों तो तुरंत जांच कराएं।

अध्ययन में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताएं भी सामने आईं। 58.2 प्रतिशत मरीजों में चिंता और 48 प्रतिशत में अवसाद के बढ़े हुए लक्षण पाए गए। इससे स्पष्ट होता है कि टीबी के इलाज के बाद मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना जरूरी है। यह शोध भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की एक परियोजना के तहत किया गया। इसका नेतृत्व एम्स पटना के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. दिपेंद्र कुमार राय ने किया। वे शोध के मुख्य अन्वेषक और प्रमुख लेखक हैं। डॉ. पारुल शर्मा और डॉ. उपासना सिन्हा सह लेखिका हैं। एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने शोधपत्र के प्रकाशन पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के शोध टीबी के मरीजों की इलाज के बाद की जरूरतों को समझने और उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। यह अध्ययन बताता है कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल दवाओं का कोर्स पूरा होने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। मरीजों की फेफड़ों की कार्यक्षमता, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में सुधार भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।

Related posts

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

महावीर मन्दिर में आज मनायी जाएगी देवोत्थान एकादशी

कार का शीशा तोड़कर 75 हजार नकदी और सोने के आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार!