पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) महावीर मन्दिर में अन्य वर्षों की भाँति शुक्रवारदिनांक 20 नवम्बर को देवोत्थान एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मन्दिर के पूर्व-दक्षिण कोण पर स्थित भगवान् विष्णु के विग्रह के समक्ष सन्ध्या 6 बजे यह विशेष वार्षिक पूजा सम्पन्न होगी। इस वार्षिक अनुष्ठान में मन्दिर के पुरोहितों एवं अनेक व्रतियों की सहभागिता रहेगी।
विष्णु जागरण और चातुर्मास समापन का पर्व –
कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवोत्थान एकादशी, हरिबोधिनी एकादशी या प्रबोधिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी (हरिशयनी एकादशी) के दिन भगवान् विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा के लिए चले जाते हैं और भाद्र शुक्ल एकादशी को पार्श्वपरिवर्तनी एकादशी होती है। इन चार महीनों की अवधि को ‘चातुर्मास्य’ कहा जाता है, जिसमें प्राचीन काल से ही यात्रा एवं मांगलिक कार्य निषिद्ध माने जाते रहे हैं। शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन इसी चातुर्मास्य का समापन होगा। सन्ध्याकाल में तुलसी के वृक्ष के समीप माता लक्ष्मी के साथ भगवान् विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इस विशेष पूजा में नैवेद्य के रूप में किसी भी प्रकार के अन्न अथवा तिल का उपयोग नहीं किया जाता है, बल्कि भगवान् को केवल फल, मूल और कन्द ही अर्पित किए जाते हैं।
पारम्परिक विधि और जागरण मन्त्र-
पूजा के उपरान्त व्रत करने वाले श्रद्धालु पूजा सामग्री सहित पूरी चौकी अथवा पीढ़े को सामूहिक रूप से तीन बार उठाते हुए भगवान् विष्णु के जागरण का निम्नलिखित वैदिक मन्त्र पाठ करेंगे:
देवोत्थान एकादशी मन्त्र
ॐ ब्रह्मेन्द्ररुद्रैरभिवन्द्यमानो भवानृषिर्वन्दितवन्दनीय:।
प्राप्ता तवेयं किल कौमुदाख्या जागृष्व जागृष्व च लोकनाथ ॥
मेघा गता निर्मलपूर्णचन्द्रशारद्यपुष्पाणि मनोहराणि ।
अहं ददानीति च पुण्यहेतोर्जागृष्व जागृष्व च लोकनाथ ॥
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते।
त्वया चोत्थीयमानेन प्रोत्थितं भुवनत्रयम्॥
ॐ नमो भगवते वासुदेवाय।।
पूजा के पश्चात् श्रद्धालु अपनी स्थानीय परम्परा के अनुसार भजन-कीर्तन करते हुए रात्रि जागरण करेंगे तथा अगले दिन प्रातःकाल नित्यकर्म के बाद तुलसीदल से व्रत का पारण करेंगे। श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल का कहना है कि इस वर्ष भी मंदिर में देवोत्थान एकादशी धूमधाय से मनाई जाएगी।वहीं, नक्तव्रत करने वाले श्रद्धालु रात्रि पूजा के उपरान्त एक बार भगवान् को अर्पित फलाहार नैवेद्य ग्रहण करेंगे। एकादशी के अगले दिन अर्थात द्वादशी तिथि को देश के अनेक हिस्सों में पारम्परिक रूप से तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाएगा।
