फुलवारीशरीफ, अजीत। परसा बाजार थाना क्षेत्र के खैराटाली गांव में रविवार की आधी रात छठ का प्रसाद बनाने के दौरान गैस रिसाव से घर में आग लग गई. हादसे में तीन महिलाओं, दो पुरुषों और तीन बच्चों समेत आठ लोग झुलसकर घायल हो गए. तीनों महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घर में छठ का प्रसाद बनाने की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान गैस लीक होने से अचानक आग फैल गई. घर में मौजूद लोग आग की चपेट में आ गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.घटना से गांव में शोक का माहौल है। घायलों की पहचान रूबी देवी (43), रेशमी देवी (40), सीमा देवी (35), सूरज कुमार केसरी (38), मनीष केसरी (32), गुड़िया रानी (1), प्रियांशु कुमार (8) और एक अन्य प्रियांशु कुमार (10) के रूप में हुई है। परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि गैस रिसाव से आग लगने के कारण आठ लोगों के झुलसने की सूचना मिली है. सभी का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है।
