फुलवारीशरीफ, अजीत। लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर संपतचक में रविवार की देर शाम संध्या अर्घ्य के बाद विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. पूरा इलाका छठी मइया और भगवान सूर्य के भक्ति गीतों से रातभर भक्तिमय बना रहा.वहीं संपतचक काली पूजा समिति की ओर से भी भव्य जागरण का आयोजन किया गया. इसमें संपतचक प्रथम के प्रमुख पवन यादव, नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार और अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय उर्फ बंटू मौजूद रहे. जागरण में रातभर कलाकारों ने छठी मइया और भगवान सूर्य की महिमा से जुड़े भक्ति गीत प्रस्तुत किए. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए. आयोजन स्थल पर मेला भी लगा था, जहां विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए थे. बच्चों ने झूलों का खूब आनंद उठाया, जबकि महिलाओं और युवाओं की भीड़ चाट-पकौड़ी सहित अन्य व्यंजनों की दुकानों पर उमड़ती रही।
संपतचक ब्लॉक गेट के सामने सामाजिक कार्यकर्ता रामकुमार यादव, अमलेश यादव, संपतचक जदयू प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार टप्पू और प्रकाश कुमार टेकर , मुकेश कुमार के नेतृत्व में श्री श्री छठ पूजा समिति संपतचक सद्भावना क्लब के तत्वावधान में भव्य जागरण का आयोजन किया गया. इसमें बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव शामिल हुए. भोजपुरी एवं मगही गायक भीम यादव और अंश मिश्रा तथा गायिका अंजलि भारती और यशिका चंद्रा ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. कलाकारों की शानदार प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
इस मौके पर मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का भी प्रतीक है. छठ के अवसर पर आयोजित ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को एक साथ जोड़ते हैं. इससे नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है. उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इधर संपतचक के अजीमचक स्थित इलाहीबाग के पुराने सूर्य मंदिर तालाब पर भी श्री श्री छठ पूजा समिति इलाहीबाग की ओर से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम में नरेश यादव, संतोष राय, पूर्व मुखिया पति मनोज यादव और मनोहरपुर-कछुआरा के मनोहर यादव सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की. आयोजकों ने जागरण में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया. रातभर चले धार्मिक कार्यक्रमों से इलाहीबाग और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा. गांधी युवा समाज कल्याण परिषद के निवेदन पर आयोजित कार्यक्रम में भोजपुरी और मगही कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया. अंजलि भारती और यशिका चंद्रा ने भक्ति एवं सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत किए. इस दौरान समिति के सदस्यों को सम्मानित भी किया गया. यहैा सुबह और शाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सुबह और शाम भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
