बिहार

पटना सिटी रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेवा शुरू कराने की पहल, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना सिटी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, पटना सिटी शाखा की ओर से पहल की गई है। इसी क्रम में बुधवार को सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा ने लोकभवन में बिहार के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और पटना सिटी स्थित रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक एवं डायलिसिस सेवा शुरू कराने को लेकर ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान विधायक रत्नेश कुशवाहा ने पटना सिटी शाखा द्वारा स्वास्थ्य एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी राज्यपाल को दी। साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इस प्रस्ताव पर महामहिम राज्यपाल ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ शीघ्र रेड क्रॉस भवन पहुंचने के आमंत्रण को भी स्वीकार किया। इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, पटना शाखा के उपाध्यक्ष राजेश चौधरी एवं सचिव तारा झुनझुनवाला उपस्थित रहीं। गौरतलब है कि पटना सिटी में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने और नियमित डायलिसिस के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

Related posts

पटना सिटी में 20 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु

राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य भर में 30 से अधिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में औचक निरीक्षण

अशोक चौधरी की विधान परिषद सदस्यता समाप्त कर मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए : मनोज झा