फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में छठ घाट सजाने के दौरान नदी में डूबे तीन किशोरों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. करीब 24 घंटे तक चले इंतजार और तलाश के बाद सोमवार को तीनों किशोरों के शव बरामद किये गये. संध्या अर्घ्य से पहले एक-एक कर तीनों के शव मिलने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. जिन घरों में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां चीख-पुकार और रोने-बिलखने का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर गांव के तीन किशोर छठ महापर्व को लेकर नदी किनारे घाट सजाने गये थे. इसी दौरान तीनों नदी में डूब गये. हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गयी. परिजन और ग्रामीण बच्चों की तलाश में जुट गये. सभी को उम्मीद थी कि तीनों सुरक्षित मिल जायेंगे. परिवार के लोग लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे थे, लेकिन करीब 24 घंटे बाद उनकी उम्मीदें टूट गयीं।
सोमवार को कई घंटे के अंतराल पर तीनों किशोरों के शव नदी से निकाले गये. सबसे पहले आदित्य का शव बरामद हुआ. इसके कुछ घंटे बाद सूरज का शव मिला और अंत में यशराज का शव बरामद किया गया. संध्या अर्घ्य से पहले तीनों बच्चों के शव मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. शव देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों का विलाप सुनकर वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गयीं।
छठ महापर्व को लेकर मिर्जापुर गांव में उत्साह का माहौल था. नदी और घाटों पर पूजा की तैयारियां चल रही थीं. परिवार के लोग भी पर्व की खुशियों में शामिल थे, लेकिन एक हादसे ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी. जिन किशोरों को घरवाले छठ की तैयारियों के बीच हंसी-खुशी देख रहे थे, उनकी मौत की खबर से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. करीब एक दिन तक परिजन इस आस में रहे कि शायद उनके बच्चे सकुशल लौट आयेंगे, लेकिन शव मिलने के बाद घरों में मातम छा गया। घटना की सूचना पर दीदारगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. छठ के मौके पर हुई इस दर्दनाक घटना से मिर्जापुर गांव ही नहीं, आसपास के इलाके के लोग भी गमगीन हैं. जिन घाटों पर छठी मइया के गीत और भगवान सूर्य की उपासना होनी थी, वहां तीन किशोरों की मौत की चर्चा और परिजनों की सिसकियां सुनाई देती रहीं।
